Haryana Accident : समारोह से लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो पलटी, तीन गंभीर
दुर्घटना में गाड़ी सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए
Haryana Accident : कलायत-मटोर मार्ग पर रविवार शाम एक स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में गाड़ी सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कैथल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मटोर गांव के रहने वाले युवक अपने रिश्तेदारों के साथ किसी समारोह से वापस लौट रहे थे, तभी शाम करीब 4:30 बजे चालक का संतुलन बिगड़ने से गाड़ी सड़क पर ही पलट गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने निजी वाहन की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ी को सड़क से हटवाकर रास्ता साफ कराया। थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि घायलों की स्थिति जानने के लिए पुलिस टीम को कैथल भेजा गया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

