Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Hansi News : हांसी में प्रॉपर्टी डीलर सुभाष मलिक हत्याकांड का खुलासा, सैलून संचालक निकला मास्टरमाइंड

सोने के लालच में रची गई थी साजिश : एसपी अमित यशवर्धन

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
प्रेस कॉन्फ्रेंस मे खुलासा करते एसपी
Advertisement

Hansi News : 3 फरवरी को हांसी के सेक्टर-6 स्थित ‘माया प्रॉपर्टीज’ के मालिक एवं प्रख्यात प्रॉपर्टी डीलर सुभाष मलिक की हत्या के मामले में हांसी पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस जघन्य हत्याकांड का मास्टरमाइंड मृतक का परिचित और पास में हेयर सैलून चलाने वाला गुरमीत निकला है।

सोने के लालच में रची गई साजिश

एसपी के अनुसार, बढ़ते सोने के दाम और लालच के चलते इस वारदात की साजिश रची गई। सुभाष मलिक नियमित रूप से गुरमीत के सैलून में बाल कटवाने व शेविंग के लिए जाते थे। इसी दौरान आरोपियों की नजर उनकी सोने की चेन, अंगूठी व कड़े पर पड़ी। बताया जा रहा है करीब 7 से 10 दिन तक रेकी कर यह पता लगाया गया कि सुभाष मलिक सुबह 6:30 से 7:00 बजे के बीच अपने कार्यालय में अक्सर अकेले रहते थे।

Advertisement

लूट की नीयत, हत्या में बदली

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की मंशा शुरू में केवल लूट की थी, लेकिन विरोध करने पर मामला हिंसक हो गया। चाकुओं से करीब 14 वार, जिनमें अधिकतर सिर पर किये उसके बाद 315 बोर की पिस्टल से गले में गोली मारी गई। गोली आर-पार होकर सोफे के नीचे जा गिरी। आरोपी मौके से करीब 3.5 से 4 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन और अंगूठी लूटकर फरार हो गए, जबकि कड़ा नहीं निकाल पाए।

Advertisement

15 पुलिस टीमों ने सुलझाया अंधा कत्ल

इस अंधे हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने 15 विशेष टीमों का गठन किया गया, करीब 4000 संदिग्ध मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण कर पुलिस मुख्य आरोपी गुरमीत तक पहुंची।

गिरफ्तारी के दौरान लगाई छलांग

गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी गुरमीत ने शेखपुरा फ्लाईओवर से छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में अस्पताल में उपचाराधीन है।

चार से पांच आरोपी शामिल

एसपी अमित यशवर्धन ने बताया कि इस वारदात में गुरमीत (मुख्य आरोपी), संजू, आकाश, महेंद्र व पवन शामिल हैं। ये सभी उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और हांसी व रोहतक में किराये पर रह रहे थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस की अपील

एसपी ने आम नागरिकों, व्यापारियों और संस्थाओं से अपील की कि वे अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन करवाएं, ताकि इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Advertisement
×