Hansi News: चलती स्विफ्ट डिजायर में लगी भीषण आग, चालक ने समय रहते बचाई जान
डैशबोर्ड से धुआं निकलने पर सड़क किनारे रोकी कार, कुछ ही मिनट में पूरी गाड़ी जलकर खाक
Hansi News: हांसी-भिवानी नेशनल हाईवे पर ढाणा कलां के पास शुक्रवार देर रात चलती स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक आग लग गई। डैशबोर्ड से धुआं निकलता देख चालक राकेश कुमार ने कार को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया और समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार बवानी खेड़ा निवासी राकेश कुमार अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से मिर्जापुर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। रात करीब नौ बजे ढाणा कलां के पास पहुंचने पर उन्हें कार के डैशबोर्ड से धुआं निकलता दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल कार रोक दी और बोनट खोलने का प्रयास किया, लेकिन बोनट नहीं खुल सका। इसी दौरान इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं।
कुछ ही मिनट में विकराल हुई आग
आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। राकेश कुमार ने बताया कि हादसे के समय वह कार में अकेले थे। आग लगते ही उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी और सुरक्षित बाहर निकल गए।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
फायर ऑपरेटर जसबीर ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। टीम के पहुंचने तक आग पूरी कार में फैल चुकी थी। चालक के समय रहते बाहर निकलने के कारण बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

