Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Hansi News : हांसी के नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल, : सप्ताह में सिर्फ एक दिन अल्ट्रासाउंड, गर्मी में धक्के खा रहीं गर्भवती महिलाएं

दवाइयों के लिए लंबी कतारों में लगे बुजुर्ग; 100 बेड के नए अस्पताल को मंजूरी, लेकिन मौजूदा का बुरा हाल

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
अल्ट्रासाउंड केंद्र के बाहर लगी हुई लोगों की भीड़।
Advertisement

Hansi News :  हांसी को नया जिला बने हुए समय बीत चुका है और सरकार ने यहां 100 बेड के नए अस्पताल निर्माण को मंजूरी भी दे दी है। इसके बावजूद धरातल पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है। नागरिक अस्पताल में मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के लिए 45 डिग्री सेल्सियस की भयंकर गर्मी में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सप्ताह में केवल एक दिन अल्ट्रासाउंड की सुविधा होने के कारण गर्भवती महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले मरीजों की परेशानी काफी बढ़ गई है।

अल्ट्रासाउंड और दवाइयों के लिए लंबी कतारें

अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ के कारण कई बार उनका नंबर ही नहीं आ पाता। ढाणी पिरान वाली से अपनी गर्भवती पत्नी को लेकर पहुंचे ईश्वर ने बताया कि सुबह से लंबी लाइनें लगी हैं। पिछले मंगलवार को भी वे बिना अल्ट्रासाउंड करवाए लौट गए थे, क्योंकि अस्पताल में केवल मंगलवार को ही यह सुविधा उपलब्ध होती है। वहीं, 45 डिग्री के झुलसाने वाले तापमान में राजपुरा गांव की बुजुर्ग मरीज रामरती जैसी महिलाओं को दवाइयों के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है।

Advertisement

बायो मेडिकल वेस्ट और अधिकारियों की कमी

अस्पताल परिसर में बायो मेडिकल वेस्ट यानी मेडिकल कचरे का सही तरीके से निपटान न होना भी एक गंभीर समस्या बनी हुई है। इसका वैज्ञानिक तरीके से निपटारा न होने से संक्रमण फैलने और पर्यावरण प्रदूषित होने का खतरा लगातार बना रहता है। इसके अलावा, जिला बनने के बावजूद अस्पताल में अभी तक किसी बड़े अधिकारी की स्थायी नियुक्ति नहीं हुई है। वर्तमान में अस्पताल की जिम्मेदारी सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल बुद्धिराजा के पास है। वरिष्ठ अधिकारियों के स्पष्ट जवाब न मिलने से मरीजों की समस्याएं अनसुनी रह जाती हैं।

Advertisement

जल्द होगा समाधान : विधायक

इस अव्यवस्था को लेकर हांसी के भाजपा विधायक विनोद भयाना ने आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की समस्याओं का जल्द ही समाधान करवाया जाएगा। जिला बनने के बाद व्यवस्थाओं को सुचारू होने में थोड़ा समय लगता है। जल्द ही यहां सभी आवश्यक अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।

Advertisement
×