पूर्व कैबिनेट मंत्री को गांव किशनपुरा के ग्रामीणों ने किया सम्मानित
क्षेत्र के गांव किशनपुरा के सरपंच व ग्रामीणों ने जगाधरी में पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी कंवरपाल गुर्जर को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गांव में कृषि कालेज मंजूर होने से गांव व जगाधरी विधानसभा का नाम रोशन हुआ है।...
क्षेत्र के गांव किशनपुरा के सरपंच व ग्रामीणों ने जगाधरी में पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी कंवरपाल गुर्जर को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गांव में कृषि कालेज मंजूर होने से गांव व जगाधरी विधानसभा का नाम रोशन हुआ है। कृषि कालेज बनने से इस क्षेत्र के युवाओं को कृषि संबंधी पाठ्यक्रम यहीं पर उपलब्ध होगा, उन्हें दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। यह सरकारी कृषि कॉलेज बनने से इस क्षेत्र की तरक्की और ज्यादा होगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि वह अपने जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भाजपा सरकार के सौजन्य से लगातार विकास कार्य करवा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणांचल में कृषि कालेज खोलने की घोषणा की थी, उसी विषय को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के गांव किशनपुरा पंचायत की 45 एकड़ जमीन लीज पर लेने की मंजूरी दे दी है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा सहित गांव के सरपंच व ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांव किशनपुरा की जमीन पर बनने वाला यह कालेज चौधरी चरण सिंह कृषि यूनिवर्सिटी, हिसार के अंतर्गत बनेगा। इससे जगाधरी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरा जिला यमुनानगर व आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को लाभ होगा।

