रेवाड़ी में पहली बार स्थापित होंगे भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंग, जानें कब होगा भव्य धार्मिक आयोजन
इस आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं
Sanatan Dharma : धार्मिक नगरी रेवाड़ी में भगवान शिव के श्रद्धालुओं के लिए एक ऐतिहासिक और आस्था से जुड़ा आयोजन होने जा रहा है। रेलवे कॉलोनी (अजय नगर) स्थित लोकेश्वर महादेव मंदिर में 13 जुलाई को पहली बार भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों की स्थापना वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ की जाएगी। इस आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार को मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर के पवन पंडित ने बताया कि इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि सभी 12 ज्योतिर्लिंगों की स्थापना देश के विभिन्न ज्योतिर्लिंग स्थलों से लाई गई पवित्र मिट्टी से की जाएगी। स्थापना के बाद श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर भगवान शिव के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन नव युवा मंडल और सर्व मित्र मंडल के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार रेवाड़ी के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस अवसर पर राजू गौड़, तिलक शर्मा, विजय कुमार, सुधीर कुमार, रोहताश ठेकेदार, महेंद्र कुमार, संजय मीणा, ओमप्रकाश, सुरेश खरेरा सहित अन्य श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

