पिता ने 11 साल की बेटी की हत्या कर गढ़ी अपहरण की कहानी
पत्नी पर शक के चलते दिया घिनौनी करतूत को अंजाम
गांव प्यौदा में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही 11 वर्षीय मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद ही पुलिस को फोन कर अपहरण की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस की सख्ती के आगे वह टूट गया और उसने स्वीकार किया कि उसने स्वयं अपनी बेटी की गला दबा कर हत्या की है। बेटी का हत्यारा गोवर्धन मूल रूप से जींद जिले के गांव जयपुर गढ़ी का रहने वाला बताया गया है। जानकारी के अनुसार गोवर्धन ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर बताया कि उसकी बेटी का किसी ने अपहरण कर लिया है और बदमाश उसकी जेब से पैसे भी छीनकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और संबंधित थानों को अलर्ट किया। पुलिस टीम उस स्थान पर पहुंची, जहां से आरोपी ने अपहरण की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि नहर के पास एक गड्ढे में बच्ची का शव पड़ा हुआ था। जांच में स्पष्ट हुआ कि बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सुबह अपनी बेटी को यह कहकर घर से लेकर निकला था कि वह उसे उसके मामा के घर सीवन छोड़ने जा रहा है। इसी दौरान वह उसे गांव प्योदा की नहर के पास ले गया और वहां उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने जब आरोपी गोवर्धन से गहन पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते वह यह मान बैठा था कि यह बच्ची उसकी संतान नहीं है। इसी मानसिकता के कारण उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
परिवार में नहीं करता था कभी झगड़ा
मृतक बच्ची की नानी का कहना था कि गोवर्धन के 2 बच्चे थे। इस बच्ची के अलावा एक छोटा बेटा भी है। करीब 14 साल पहले उसकी शादी हुई थी। नानी के अनुसार उसने कभी परिवार में झगड़ा नहीं किया, न ही कभी शराब पीता था। वह आसपास के गांव में मजदूरी करता था।
आरोपी से पूछताछ जारी : डीएसपी
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की गई है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

