Fatehabad Road Accident : फतेहाबाद के जांडली कलां में टायर फटने से पेड़ से टकराई गाड़ी, वेटर पार्टी के 2 युवकों की मौत
8 अन्य घायल, पंजाब के संगरूर से फतेहाबाद आ रहे थे युवक
Fatehabad Road Accident : फतेहाबाद के गांव जांडली कलां के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंजाब के संगरूर से फतेहाबाद में एक शादी समारोह में काम करने आ रहे वेटर पार्टी के सदस्यों की इको गाड़ी का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में गाड़ी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य युवक घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवकों की पहचान पंजाब के गांव रहनवाली निवासी जग्गासिंह और संगरूर निवासी आर्यन के रूप में हुई है। ये सभी युवक एक निजी वेटर पार्टी का हिस्सा थे। हादसे की सूचना मिलते ही भूना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी कार्रवाई और शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी है।

