लंबित पड़े ट्यूबवेल बिजली कनेक्शनों को लेकर किसानों का प्रदर्शन
धान सीजन शुरू होने से पहले जारी किये जाएंगें अधिक से अधिक कनेक्शन : निगम अधिकारी
यमुनानगर में लंबे समय से लंबित पड़े ट्यूबवेल बिजली कनेक्शनों को लेकर किसानों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। चढ़ूनी किसान यूनियन के नेतृत्व में किसान बिजली निगम कार्यालय पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। किसानों ने आरोप लगाया कि उन्होंने वर्षों पहले लाखों रुपये जमा करवा दिए थे, लेकिन आज तक उन्हें ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन नहीं मिले। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो कन्हैया चौक जाम कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
किसान नेता संजू गुंदियाना के अनुसार वर्ष 2019 और 2020 में सरकार की ओर से ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन आवंटित किए गए थे। उस समय किसानों ने पहली किस्त के रूप में 30-30 हजार रुपये जमा करवाए थे। बाद में वर्ष 2024 तक किसानों ने पूरी निर्धारित राशि भी बिजली निगम में जमा करवा दी। किसानों का कहना है कि किसी ने 3 लाख, किसी ने 5 लाख तो किसी ने 6 लाख रुपये तक जमा करवाए हैं, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कनेक्शन जारी नहीं किए गए। किसानों ने बताया कि कई किसानों ने करीब दो वर्ष पहले ट्यूबवेल के लिए बोरिंग भी करवा दी थी। हर साल बारिश और बाढ़ के दौरान इन बोरों में पानी भर जाता है, जिससे उनके खराब होने का खतरा बना रहता है। किसानों का कहना है कि ट्यूबवेल और बोरिंग पर किया गया खर्च बेकार जा रहा है और खेती प्रभावित हो रही है।
किसान नेता संजू गुंदियाना ने बताया कि अधिकारियों के साथ हुई बैठक में करीब सौ लंबित कनेक्शनों पर पांच दिनों के भीतर काम शुरू करने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही विभाग ने पंद्रह दिनों के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की बात कही है। संजू गुंदियाना ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो किसान सड़क पर उतरकर कन्हैया चौक जाम करेंगे। बिजली निगम की तरफ से कार्यकारी अभियंता मुकेश कुमार देशवाल, कार्यकारी अभियंता पवन छिकारा एवं जगमीत सिंह मौजूद रहे। बिजली निगम अधिकारियों का कहना है कि किसान यूनियन की ओर से 14 से 15 मांगें रखी गई थीं, जिनमें लंबित ट्यूबवेल और डबल कनेक्शन प्रमुख मुद्दे रहे। अधिकारियों के अनुसार धान सीजन शुरू होने से पहले अधिक से अधिक लंबित कनेक्शन जारी करने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान रामकुमार स्यालवा, जोगिंद्र सिली सबलपुर, राजीव सिंह बपोली, विक्रांत, सतीश, मनदीप रोड छप्पर, गुरबीर, परमजीत ससोली, राजीव, जोगिंदर, राजकुमार, गुरमीज कपुरी, सतेंदर, सतपाल, सुरेश पाल, संदीप टोपरा, जसबीर, शिव कुमार व अन्य किसान मौजूद रहे।

