Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

टूटी सड़क पर भड़के किसान, ढाई घंटे कुरुक्षेत्र-सहारनपुर हाईवे किया जाम

28 तक सड़क दुरुस्त करने का अल्टीमेटम, बोले- वादा टूटा तो एसडीएम कार्यालय का घेराव

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
यमुनानगर के दामला में सड़क को लेकर प्रदर्शन करते किसान। -हप्र
Advertisement

यमुनानगर में आज भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा के किसानों ने टूटी सड़क को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने कुरुक्षेत्र-सहारनपुर स्टेट हाईवे को करीब ढाई घंटे तक जाम रखा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रोडवेज की कई बसें भी जाम में फंस गईं। किसानों का साफ कहना था कि जब तक सड़क की मरम्मत को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया है, लेकिन किसानों ने चेतावनी भी दी है।

Advertisement

मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे यमुनानगर के दामला क्षेत्र के पास भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा के बैनर तले किसानों ने कुरुक्षेत्र-सहारनपुर स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि हाईवे पूरी तरह टूट चुका है, जिससे रोजाना हादसों का खतरा बना रहता है। प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग सिर्फ आश्वासन ही दे रहा है। हाईवे जाम होने से दोनों तरफ लंबा जाम लग गया और रोडवेज की छह बसें भी रास्ते में फंसी रही।

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। कुछ देर बाद एसडीएम विश्वनाथ और डीएसपी आशीष चौधरी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। किसानों ने सड़क पर बैठकर लंगर भी किया और साफ कहा कि जब तक सड़क की मरम्मत का काम शुरू नहीं होगा, वे जाम नहीं खोलेंगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को मौके पर बुलाया। बातचीत के बाद एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि सड़क की मरम्मत का काम आज से शुरू हो चुका है और 28 फरवरी तक सड़क को पूरी तरह गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा।

बताया गया कि सड़क का बेस पूरी तरह खत्म हो चुका है और इसकी स्थायी मरम्मत के लिए करीब 38 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। दामला के पास सड़क का हिस्सा सीसी रोड के रूप में बनाया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम और धरना समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि अगर तय समय तक सड़क ठीक नहीं हुई तो वे एसडीएम कार्यालय का घेराव करेंगे।

इस अवसर पर यादविन्द्र कांबोज जयपुर, दीप राणा, कर्ण चानना, महेन्द्र सिंह, अरविन कांबोज, हरपाल सुढल, रविन्द्र पाल सिंह, मान सिंह, सुखदेव सिंह, सुभाष हरतोल, सतपाल, जरनैल सिंह, राजीव, सुरेश सांगवान, धर्मबीर सहित अनेक किसान उपस्थित थे।

Advertisement
×