Fake Paneer Seized : दो क्विंटल संदिग्ध नकली पनीर से भरी बोलेरो पकड़ी, नीले ड्रमों में छिपाकर ले जा रहे थे
सैंपल लेने के बाद पुलिस की निगरानी में पनीर नष्ट कराया गया, रिपोर्ट आने पर होगी आगे की कार्रवाई
Fake Paneer Seized : झज्जर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर करीब दो क्विंटल संदिग्ध नकली पनीर से भरी बोलेरो गाड़ी पकड़ी है। पनीर को करीब आधा दर्जन नीले ड्रमों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस की सूचना पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पनीर के सैंपल लिए।
पुलिस के अनुसार उसे सूचना मिली थी कि बोलेरो में बड़ी मात्रा में संदिग्ध नकली पनीर ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाड़ी को पकड़ लिया। मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम को बुलाया गया। टीम ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
दोबारा बाजार में खपाने से रोकने के लिए नष्ट कराया![]()
सैंपल लेने के बाद जब्त पनीर को पुलिस की निगरानी में गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक इसका उद्देश्य जब्त पनीर को दोबारा बाजार में पहुंचने से रोकना था।
झज्जर थाना प्रभारी हरेश ने लोगों से संदिग्ध पनीर का इस्तेमाल न करने और नकली पनीर से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि सैंपल की रिपोर्ट आने और खाद्य विभाग की ओर से शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

