Kalanwali Double Murder : कालांवाली के गांव खोखर में खूनी संघर्ष, पूर्व सरपंच के बेटे व भतीजे की हत्या
जमीन विवाद के चलते धारदार हथियारों से आरोपियों ने किया हमला
सिरसा जिला के कालांवाली क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव खोखर में रविवार को जमीन के विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा दोहरे हत्याकांड में बदल गया, जहां परिवार के ही सदस्यों ने पूर्व सरपंच के बेटे और उसके भतीजे की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय झरमल सिंह और उसके 25 वर्षीय भतीजे दलजीत सिंह के रूप में हुई है। वारदात की सूचना मिलते ही कालांवाली पुलिस और सीआईए की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
रास्ते में रोककर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक झरमल सिंह और दलजीत सिंह अपने चाचा महेंद्र सिंह के नए घर की नींव रखने के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जब वे नौरंग रोड पर पहुंचे, तो दूसरे पक्ष के सदस्यों मोती सिंह, बिकर सिंह और जसवंत सिंह ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उन पर कुल्हाड़ी व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि दलजीत अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जबकि झरमल सिंह का एक 20 वर्षीय बेटा है।
पुरानी रंजिश और जमीन का सौदा बना कारण
हत्या के पीछे मुख्य कारण महज 2 कनाल जमीन का सौदा टूटना
बताया जा रहा है। मृतक के भाई निक्का सिंह के अनुसार, गांव के ही पिंदा सिंह ने आरोपी बिकर सिंह को जमीन के लिए 6 हजार रुपये पेशगी (साई) दी थी, जो बाद में लौटा दी गई। बिकर सिंह को शक था कि झरमल सिंह ने अधिक पैसे का लालच देकर यह सौदा रद्द करवाया है। इसके अलावा, परिवारों के बीच पुरानी चुनावी रंजिश भी थी। झरमल के माता-पिता गांव के सरपंच रह चुके हैं और एक चुनाव में उन्होंने अपने ही भाई धर्म सिंह को हराया था, जिसके बाद से दोनों परिवारों में तनातनी चल रही थी।
खूनी झड़प में दूसरे पक्ष के लोग भी घायल
इस संघर्ष में केवल एक पक्ष ही नहीं, बल्कि दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं। झगड़े में मृतक पक्ष से गुरप्रीत सिंह और अर्शदीप सिंह को चोटें आई हैं। वहीं, हमलावर पक्ष के मोती सिंह, बिकर सिंह और जसवंत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने अस्पताल में भी सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई जसवीर सिंह के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

