Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा न करें, विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और आदर्श बनें; राज्यपाल बोले- AI के दौर में शिक्षक का मानवीय स्पर्श जरूरी

डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिकों की सफलता की नींव शिक्षक ही रखता है... मोहाली में 11 उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मान

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Teachers Day : हरियाणा के राज्यपाल प्रो़ असीम कुमार घोष ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक शिक्षा के तौर-तरीके बदल सकती है, लेकिन एक अच्छे शिक्षक के मानवीय स्पर्श, संवेदना, विवेक और नैतिक मार्गदर्शन की जगह नहीं ले सकती। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देने के बजाय उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने में मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राज्यपाल बृहस्पतिवार को मोहाली स्थित मानव मंगल स्मार्ट स्कूल में आयोजित सातवें ‘टीचर्स एक्सीलेंस अवार्ड्स’ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 11 उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया। स्कूल के शिक्षकों को भी उनके योगदान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर हरियाणा की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष भी मौजूद रहीं। समारोह में मानव मंगल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के निदेशक संजय सरदाना सहित स्कूल प्रबंधन के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। राज्यपाल ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक समुदाय को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

Advertisement

शिक्षक की भूमिका कक्षा से कहीं आगे

राज्यपाल ने कहा कि अच्छा शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा नहीं करता, बल्कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा पैदा करता है, उनके चरित्र का निर्माण करता है और उन्हें सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने का साहस भी देता है। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र अपने शिक्षकों का सम्मान करता है, वही अपने भविष्य को सुरक्षित करता है। उन्होंने कहा कि समाज डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिकों की उपलब्धियों को सम्मान देता है, लेकिन इन उपलब्धियों की नींव उस शिक्षक के प्रयासों से पड़ती है, जो विद्यार्थियों को उस समय तैयार करता है जब दुनिया उन्हें पहचानती तक नहीं।

Advertisement

सात साल से उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

प्रो़ घोष ने लगातार सात वर्षों से उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए मानव मंगल ग्रुप की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का योगदान अक्सर सुर्खियों से दूर रहता है, जबकि समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। पुरस्कार शिक्षकों के प्रति समाज की कृतज्ञता और सम्मान का माध्यम हैं।

ट्राइसिटी की साझा शैक्षिक शक्ति

राज्यपाल ने कहा कि चार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के शिक्षण संस्थानों से आए पुरस्कार विजेता बताते हैं कि शैक्षिक उत्कृष्टता किसी एक शहर या संस्थान तक सीमित नहीं है। यह ट्राइसिटी और आसपास के क्षेत्र की साझा शैक्षिक क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने मानव मंगल ग्रुप की शैक्षिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि उसके छह संस्थान हजारों विद्यार्थियों और उनके परिवारों को प्रभावित कर रहे हैं।

Advertisement
×