मंडी में अव्यवस्था, अनियमितता या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं : चेयरमैन
थोक सब्जी मंडी की समस्याओं पर आढ़तियों के साथ किया मंथन
स्थानीय मार्केट कमेटी बोर्ड के चेयरमैन जसविंदर सिंह उगाड़ा ने आज शहर की थोक सब्जी एवं फल मंडी परिसर में एक अहम और विस्तृत बैठक आयोजित की। इस बैठक में मंडी से जुड़े सब्जी एवं फल के आढ़तियों, दुकानदारों और संबंधित अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक का उद्देश्य मंडी में आ रही विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करना, व्यापारियों की परेशानियों को सुनना और मंडी के समग्र विकास को लेकर ठोस रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक के दौरान महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आढ़तियों और दुकानदारों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं रखी और मंडी को सुव्यवस्थित व आधुनिक बनाने को लेकर अपने सुझाव दिए। चेयरमैन जसविंदर सिंह उगाड़ा ने अधिकारियों और आढ़तियों को आपसी तालमेल बनाकर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि मंडी का सुचारु संचालन सभी के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंडी में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनियमितता या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी चेयरमैन ने दी। चेयरमैन ने भरोसा दिलाया कि मंडी के विकास के लिए जो भी समस्याएं सामने आ रही हैं, पूर्व मंत्री असीम गोयल के माध्यम से उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। बैठक के दौरान मंडी प्रधान अमरनाथ ने भी चेयरमैन जसविंदर सिंह उगाड़ा को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

