युवाओं में खेल भावना विकसित करना समय की आवश्यकता : विवेक भारती
राजकीय महाविद्यालय में तीसरी वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन
राजकीय महाविद्यालय में आयोजित तीसरे वार्षिक एथलेटिक मीट का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने किया।
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने अपने संबोधन में कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है और ग्रामीण स्तर तक खेल ढांचा मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने और हार-जीत को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय हिसार के प्राचार्य डॉ. विवेक सैनी व जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. सज्जन कुमार भी उपस्थित रहे। एथलेटिक मीट के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक तथा रिले रेस जैसी विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया। विजेता खिलाड़ियों को जिला उपायुक्त ने सम्मानित किया।

