अप्रैल-2027 तक दादरी में शुरू हो जाएगी डिफेंस ट्रेनिंग, दादरी, हिसार व यमुनानगर में इंस्टीट्यूट के लिए बजट भाषण में हुई थी घोषणा
सेना, नौसेना व वायुसेना जैसी भर्तियों के लिए भी दी जाएगी ट्रेनिंग, फिजिकल, अकादमिक, इंटरव्यू सहित अनुशासन का भी दिया जाएगा प्रशिक्षण
Defense Training : हरियाणा का पहला सशस्त्र बल तैयारी प्रशिक्षण संस्थान (एएफपीटीआई) चरखी दादरी में शुरू होगा। इसके साथ ही, हिसार और यमुनानगर में भी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की तैयारी हो गई है। बुधवार को विधानसभा में दादरी विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने बजट घोषणा का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में सैनिक व अर्द्ध-सैनिक मामले मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि अप्रैल-2027 तक दादरी में कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि दिसंबर-2026 तक जमीन, एनओसी सहित सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। सांगवान ने बताया कि इस इंस्टीट्यूट के लिए जमीन भी दी जा चुकी है और उसकी लीज भी हो चुकी है। दादरी जिला प्रशासन की ओर से किसान मॉडल स्कूल भवन सहित 84 कनाल 12 मरला जमीन 33 वर्षों के पट्टे पर देने का प्रस्ताव भेजा गया था। यहां किसान मॉडल स्कूल कभी चला ही नहीं। सांगवान ने कहा कि हॉयर एजुकेशन के पास इसकी एनओसी पेंडिंग है।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार बजट घोषणाओं को सिरे चढ़ाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि दादरी के अलावा यमुनानगर व हिसार में भी युवाओं को सैन्य ट्रेनिंग के लिए इंस्टीट्यूट स्थापित होंगे। इनमें युवाओं को भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना के अलावा पैरा-मिल्ट्री फोर्स में भर्ती के लिए भी आवश्यक फिजिकल, अकादमिक, इंटरव्यू, एसएसबी और अनुशासन संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

