डीसी ने किया जिला पुस्तकालय का निरीक्षण, बच्चों से की मंत्रणा
विशेषज्ञों की सेवाएं लेकर मरम्मत कार्य योजना के लिए पीडब्ल्यूडी को दिए निर्देश
कैथल डीसी अपराजिता ने बुधवार सुबह स्वामी विवेकानंद जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही बच्चों के लिए केबिन की संख्या बढ़ाए जाने सहित भवन की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी व पुस्तकालय के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। डीसी सुबह पुस्तकालय पहुंचीं, जहां जिला उच्च शिक्षा अधिकारी डा. मनोज कुमार भाम्बू ने उनका अभिनंदन किया। इसके बाद डीसी अपराजिता ने सबसे पहले लड़कों के पठन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर पुस्तकालय में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने ई-लाइब्रेरी कक्ष का दौरा किया, जहां इंटरनेट संबंधी सुविधाओं की समीक्षा की। इसके बाद डीसी ने पुस्तकालय में रखी पुस्तकों का निरीक्षण किया, जो व्यवस्थित ढंग से रखी हुई थी। इसके बाद डीसी अपराजिता ने शौचालयों का भी निरीक्षण किया। साथ ही स्टोर रूम में सामान को व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पहली मंजिल पर लड़कियों के लिए पठन कक्ष का दौरा किया। जहां तीन अलग-अलग कक्षों में पढ़ रही छात्राओं से बातचीत की। लड़कियों ने पुस्तकालय में पढ़ने के लिए टेबल केबिन की आवश्यकता बताई। इस पर डीसी ने अधिकारियों को उपलब्ध फंड से यह कार्य करवाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने खाली कमरे को लड़कियों के लिए ई-लाइब्रेरी के तौर पर प्रयोग करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने अखबार पढ़ने वाले कक्ष का भी दौरा किया। इस अवसर पर जूनियर लाइब्रेरियन अंकुर, संतोष कुमारी, रीना शर्मा, नीतिश शर्मा, मनीषा, अजय, करण, रोहित सैनी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
डीसी ने द्वितीय तल पर भी कक्ष बनाने का प्रस्ताव तैयार करते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आवश्यक एस्टीमेट बनाकर काम पूरा करने के निर्देश जारी किए।

