बेटी नवनीत कौर के शानदार प्रदर्शन से बढ़ा क्षेत्र का गौरव
चेयरमैन सुभाष कलसाना ने घर पहुंच कर परिजनों को दी बधाई
एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब स्वर्ण पदक के लिए भारतीय टीम का मुकाबला 2 अक्तूबर को चीन से होगा। बता दें कि नवनीत कौर पदमश्री अवार्ड सम्मानित कोच बलदेव सिंह की स्टूडेंट है। भारतीय टीम के इस शानदार सफर में शाहाबाद की बेटी एवं अनुभवी खिलाड़ी नवनीत कौर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। टूर्नामेंट में नवनीत कौर ने अब तक करीब 10 गोल दागकर अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। वह भारतीय आक्रमण पंक्ति की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। भारतीय टीम के फाइनल में पहुंचने के बाद हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन सुभाष कलसाना बुधवार को नवनीत कौर के घर पहुंचे और उनके पिता बूटा सिंह, माता बलविंदर कौर तथा भाई युवराज सिंह को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
इस अवसर पर सुभाष कलसाना ने कहा कि नवनीत कौर ने अपने शानदार खेल से न केवल शाहाबाद बल्कि पूरे हरियाणा और देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करना उनकी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि शाहाबादवासियों के लिए यह गर्व की बात है कि हमारी बेटी भारतीय टीम की ओर से देश के लिए शानदार प्रदर्शन कर रही है। इस दौरान रजत बंसल, पार्षद ईशा सचदेवा, युवराज सिंह, अधिवक्ता मनदीप रावा, पूर्व वाइस चेयरमैन रिंकू चहल और रिंकू बैरागी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

