Crime Branch Raid: गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने झुग्गियों और निर्माणाधीन साइट्स पर की छापेमारी; कालियागंज बॉर्डर से भारत में घुसे थे आरोपी
Crime Branch Raid: राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 13 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के पास से बांग्लादेश की नागरिकता के दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन सभी को डिपोर्ट किया जाएगा।
मजदूर बनकर रह रहे थे आरोपी
पुलिस उपायुक्त (अपराध) हितेश यादव की अगुवाई में यह छापेमारी पुख्ता सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने शहर की विभिन्न निर्माणाधीन साइट्स और झुग्गियों में चेकिंग कर संदिग्धों की पहचान सत्यापित की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी कालियागंज बॉर्डर के रास्ते एक बांग्लादेशी एजेंट की मदद से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। पुलिस से बचने और पहचान छिपाने के लिए वे यहां मजदूर बनकर रह रहे थे।
पुलिस वेरिफिकेशन की अपील
पुलिस उपायुक्त हितेश यादव ने आमजन, आरडब्ल्यूए और स्थानीय निवासियों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों और होटल या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले लोगों का पुलिस सत्यापन (पुलिस वेरिफिकेशन) जरूर करवाएं।

