Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

कांग्रेस के ‘70 पार’ के दावे हवा-हवाई, हरियाणा में चौथी बार भाजपा सरकार : आरती राव

यादव महासभा के प्रतिभा सम्मान समारोह में बोलीं स्वास्थ्य मंत्री-जनता का विश्वास भाजपा के साथ; विधानसभा में हंगामे के लिए कांग्रेस विधायकों को ठहराया जिम्मेदार

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कांग्रेस के हरियाणा में 70 से अधिक विधानसभा सीटें जीतने के दावे को ‘हवा-हवाई’ करार देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और हरियाणा में लगातार चौथी बार भाजपा की सरकार बनेगी। वह शुक्रवार को चरखी दादरी में आयोजित यादव महासभा के प्रतिभा सम्मान समारोह में पहुंचीं।

आरती राव ने कहा कि दक्षिण हरियाणा ने सरकारें बनाने और गिराने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि केवल एक बिरादरी के दम पर कोई सरकार नहीं बन सकती। समाज को संगठित रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि लोग संगठित नहीं हुए तो भविष्य में कोई पूछने वाला नहीं रहेगा। उन्होंने लोगों से अन्याय के खिलाफ खड़े होने और संघर्ष करने का आह्वान करते हुए कहा कि बिना लड़े जीत संभव नहीं है।

Advertisement

विधानसभा में धक्का-मुक्की के लिए कांग्रेस को घेरा

स्वास्थ्य मंत्री ने विधानसभा के बाहर हुई धक्का-मुक्की के लिए कांग्रेस विधायकों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सदन में तख्तियां ले जाना प्रतिबंधित है, लेकिन कांग्रेस विधायकों ने जानबूझकर अनुशासनहीनता की। आरती राव ने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से सदन के अंदर किसी भी तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं किया गया।

Advertisement

उन्होंने कहा कि स्पीकर की ओर से विपक्षी विधायकों के निलंबन के बाद ही विधानसभा में अनुशासन बहाल हुआ। जीडीपी और महंगाई को लेकर विपक्ष के सवालों पर उन्होंने कहा, “विपक्ष अगर सरकार की तारीफ करेगा तो विपक्ष में क्यों बैठेगा?”

दादरी मेडिकल कॉलेज का नामकरण जल्द, बजट मिलते ही निर्माण

आरती राव ने कहा कि दादरी मेडिकल कॉलेज के नामकरण से संबंधित कागजी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। बजट तय होते ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नामकरण को लेकर कोई विरोध नहीं है और दोनों विधायक भी इसके साथ हैं।

उन्होंने कहा कि चरखी दादरी और आसपास के क्षेत्र के लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने चरखी दादरी और प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक सुनील सांगवान, उमेद पातुवास, ओमप्रकाश यादव और अनिल यादव भी मौजूद रहे।

Advertisement
×