एचकेआनएन बंद करने की मांग पर कांग्रेस का मोर्चा, आंदोलन की चेतावनी; अशोक अरोड़ा बोले- नियमित भर्ती छोड़ निगम के जरिए युवाओं का हो रहा शोषण
एक दिवसीय सांकेतिक धरने का ऐलान, एचएसएससी-एचपीएससी से भर्ती कराने की मांग
Haryana Contract Jobs : हरियाणा कांग्रेस ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) को लेकर सरकार के खिलाफ नया मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने बुधवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कौशल रोजगार निगम को बंद करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सरकार नियमित भर्तियों से बचने के लिए निगम के माध्यम से युवाओं की नियुक्तियां कर रही है और उनका शोषण हो रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांग नहीं मानी तो कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी। इसकी शुरुआत एक दिवसीय सांकेतिक धरने से होगी। अरोड़ा ने कहा कि निगम के तहत कार्यरत कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान ग्रेड-पे, वेतन और अन्य सेवा लाभ मिलने चाहिए। उन्होंने 'समान काम, समान वेतन' के सिद्धांत को लागू करने की मांग करते हुए कहा कि भविष्य की सभी भर्तियां हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) और हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के माध्यम से पारदर्शी और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के हालिया विरोध प्रदर्शन से हरियाणा सरकार को सबक लेना चाहिए और युवाओं के साथ अन्याय बंद करना चाहिए। अरोड़ा ने आरोप लगाया कि रोजगार के नाम पर युवाओं को अस्थायी व्यवस्था में रखा जा रहा है, जबकि सरकार को नियमित पदों पर भर्ती करनी चाहिए। पत्रकार वार्ता में अरोड़ा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईटार) का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में बड़ी संख्या में सामने आ रहे ‘अनआइडेंटिफाइड’ मतदाताओं के मामले गंभीर हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनके अनुसार केवल मृत, स्थानांतरित या दोहरे मतदाताओं को हटाना उचित है, लेकिन बड़ी संख्या में मतदाताओं की पहचान न होना चिंता का विषय है। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की।

