प्रदेश के विकास और मूलभूत सुविधाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रहे मुख्यमंत्री : सुभाष कलसाना
गांव डल्लामाजरा और कलसाना में अनेक विकास योजनाएं जनता को समर्पित
शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव डल्ला माजरा में विकास योजनाओं की शुरुआत की गई और नवनिर्मित विकास योजनाएं जनता को समर्पित की गई। भाजपा नेता सुभाष कलसाना ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास के मंदिर के लैंटर कार्य का विधिवत शुभारंभ पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ किया और सांसद नवीन जिंदल द्वारा दी गई विकास राशि से गांव के स्वर्ग आश्रम में नव-निर्मित कमरों को भी ग्रामवासियों को समर्पित किया गया।
इसके लिए सुभाष कलसाना और ग्रामीणों ने सांसद नवीन जिंदल के विशेष प्रयासों और सहयोग की सराहना की और आभार व्यक्त किया। सुभाष कलसाना ने कहा कि कमरे के निर्माण से सामाजिक और धार्मिक कार्यों के दौरान ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सुभाष कलसाना ने अपने संबोधन में सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जमकर प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार समान विकास, मूलभूत सुविधाओं और धार्मिक स्थलों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आम जन को उनका सीधा लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान गांव के सरपंच रामकरण ने सुभाष कलसाना व अन्य अतिथियों का अभिनंदन किया और गांवों की मांगों से संबंधित मांग पत्र सुभाष कलसाना को सौंपा। सुभाष कलसाना ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जो भी मांगें ग्राम पंचायत की ओर से सौंपी गयी हैं, उन मांगों को मुख्यमंत्री नायब सैनी और सांसद नवीन जिंदल के माध्यम से पूरा करवाने का काम किया जायेगा।
इस अवसर पर सरपंच मान सिंह देसवाल, दीपक आनंद, एडवोकेट मनदीप रावा, तिलक राज, श्याम रावत, बिट्टू थडौली सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

