छोटा हाथी/महिंद्रा पिकअप चालकों ने मुख्यमंत्री से की अवैध वाहन बंद करने की मांग
प्रशासन की लापरवाही से झेल रहे हैं मंदा
छोटा हाथी/महिंद्रा पिकअप चालक प्रशासन की लापरवाही से मंदा झेल रहे हैं और अपने वाहनों के लिए लोन लेकर किस्तें अपनी जेब से भरने को मजबूर हैं। दूसरी ओर तिपहिया जुगाड़ चालक सभी नियमों को ताक पर रखकर चांदी कूट रहे हैं। इसी बात से परेशान होकर छोटा हाथी/महिंद्रा पिकअप चालकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवैध रूप से चल रहे वाहनों पर रोक लगाने की मांग की। शिव शक्ति टैंपो के प्रधान जसवंत सिंह, दीपक कश्यप, राजबीर कश्यप, सुलतान, गुरप्रीत, सुनील सैनी, सूरज ने बताया कि शाहाबाद एरिया में 500 के करीब छोटा हाथी/महिंद्रा पिकअप चालक सरकार की हिदायतों अनुसार लोडिंग, अनलोडिंग का कार्य कर रहे हैं और वह सरकार के नियमानुसार रोड टैक्स, इंश्योरेंस तथा फाइनेंस पर गाड़ी लेकर बैंकों को ब्याज भुगतान कर रहे हैं। शाहाबाद के आसपास सैकड़ों लोग नाजायज तौर पर मोटरसाइकिल काटकर उसके पीछे जुगाड़ रेहड़ी लगाकर लोडिंग का कार्य कर रहे हैं और यह लोग न तो सरकार को रोड टैक्स देते हैं और न ही इंश्योरेंस तथा न ही किसी प्रकार की रजिस्ट्रेशन करवाते हैं। पत्र में कहा गया है कि इनमें से कुछ मोटरसाइकिलें चोरी की हैं और कुछ ने अपनी मोटरसाइकिलें जो कि 15 साल से अधिक पुरानी हैं, को काटकर रेहड़ी बना दी हैं। इनके चालक ट्रेंड नहीं हैं और न ही इनके पास ड्राइविंग लाइसेंस हैं तथा यह लोग बेखौफ लोडिंग, अनलोडिंग कार्य कर रहे हैं जिससे सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है। पत्र में कहा गया कि इन गैरकानूनी मोटरसाइकिल जुगाड़ की वजह से उनका कारोबार ठप हो गया है क्योंकि उन्होंने लोन पर गाड़ियां ली हुई हैं,उन्हें लोन की किस्तें भी अदा करने में परेशानी आ रही है। मांग की गई है कि क्षेत्र में नाजायज तौर पर चल रही मोटरसाइकिल जुगाड़ रेहड़ी वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

