Chhachhrauli News: माता-पिता के झगड़ों से परेशान 10वीं के छात्र ने स्कूल में फंदा लगाकर दी जान
Chhachhrauli News: छछरौली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 10वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र कमलजीत ने कथित रूप से स्कूल परिसर के एक बंद पड़े कमरे में पंखे के हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह स्कूल...
Chhachhrauli News: छछरौली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 10वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र कमलजीत ने कथित रूप से स्कूल परिसर के एक बंद पड़े कमरे में पंखे के हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह स्कूल खुलने पर विद्यार्थियों ने उसका शव लटका देखा, जिससे पूरे विद्यालय में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्कूल में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलजीत बुधवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोबारा स्कूल परिसर में पहुंचा। वह परिसर के एक बंद पड़े कमरे में गया, जहां उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह स्कूल खुलने पर कुछ विद्यार्थियों ने कमरे में उसका शव लटका देखा। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना छछरौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी स्कूल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र अपने माता-पिता के बीच होने वाले घरेलू झगड़ों से मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। छात्र के मोबाइल फोन से मिली एक ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा परिजनों, स्कूल स्टाफ और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।

