‘हैप्पी क्लासरूम’ विषय पर द गर्ल्ज गुरुकुल में क्षमता संवर्धन कार्यक्रम आयोजित
द गर्ल्ज गुरुकुल कलायत में ‘हैप्पी क्लासरूम’ विषय पर एक प्रभावशाली क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को एक सकारात्मक, तनावमुक्त एवं आनंदमय कक्षा वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित करना तथा विद्यार्थियों...
द गर्ल्ज गुरुकुल कलायत में ‘हैप्पी क्लासरूम’ विषय पर एक प्रभावशाली क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को एक सकारात्मक, तनावमुक्त एवं आनंदमय कक्षा वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित करना तथा विद्यार्थियों के भावनात्मक एवं बौद्धिक विकास हेतु नवीन शिक्षण तकनीकों से अवगत कराना था। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या भावना चोलिया ने की। कार्यक्रम के रिसोर्सपर्सन के रूप में मोलिम्मा ब्लेसन एवं राजश्री चौधरी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने अनुभव, ज्ञान एवं संवादात्मक शैली से सभी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या भावना चोलिया, रिसोर्सपर्सन मोलिम्मा ब्लेसन एवं राजश्री चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ किया गया। रिसोर्सपर्सन्स का पुष्पगुच्छ भेंट स्वागत किया गया। रिसोर्सपर्सन मोलिम्मा ब्लेसन ने ‘हैप्पी क्लासरूम’ की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक शिक्षक का सकारात्मक दृष्टिकोण ही विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक वातावरण तैयार करता है। उन्होंने बताया कि खुशहाल कक्षा विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता को बढ़ाती है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को विभिन्न समूहों में बांटकर अनेक गतिविधियां करवाई गईं, जिनमें शिक्षकों को विद्यार्थियों की भावनाओं को समझने तथा उनके साथ आत्मीय संबंध स्थापित करने के उपाय बताए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्या भावना चोलिया ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि शिक्षण केवल सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। एक ‘हैप्पी क्लासरूम’ वह है जहां विद्यार्थी बिना किसी भय के सीखने के लिए प्रेरित हों और अपनी प्रतिभा को खुलकर अभिव्यक्त कर सकें।
