काम करवाने के बदले मांगे पैसे... टोहाना बिजली निगम में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, ACB ने 12 हजार रिश्वत लेते 2 बिजलीकर्मी किए काबू
टोहाना में विजिलेंस ने 12 हजार रिश्वत लेते 2 बिजलीकर्मी किए काबू; अप्रेंटिस को भी साथ ले गई विजिलेंस
Fatehabad Bribery Case : जिले के टोहाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बिजली निगम कार्यालय में रिश्वतखोरी के आरोप में 2 कर्मचारियों और एक अप्रेंटिस को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई फतेहाबाद एसीबी के प्रभारी इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में की गई।
टीम ने बिजली निगम में एएलएम विनोद कुमार, क्लर्क सत्यनारायण और अप्रेंटिसशिप कर रहे युवक कर्ण खोबड़ा को काबू किया है। आरोप है कि इन लोगों ने एक उपभोक्ता से काम करने की एवज में 12 हजार रुपए की रिश्वत ली है। फिलहाल विजिलेंस टीम तीनों को अपने साथ हिसार ले गई।
एसीबी सूत्रों के अनुसार फतेहपुर गांव के किसान बलजिंद्र सिंह से टयूबवेल का मीटर बदलवाने के लिए 12 हजार रुपए की मांग की गई थी, जिसकी शिकायत उपभोक्ता ने एसीबी को कर दी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। शिकायतकर्ता से तय रकम दिलवाई गई और जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की राशि ली, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी की टीम दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
बता दें कि कुछ दिन पहले एक किसान द्वारा निगम के एक्सियन को जबरी रिश्वत देने का मामला सामने आया था। इस मामले में कार्यकारी अभियंता की शिकायत पर उपरोक्त किसान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था

