हरियाणा के ESIC कार्डधारकों को बड़ी राहत: होमी भाभा कैंसर केंद्र में कैशलेस उपचार
Cashless Treatment: न्यू चंडीगढ़ और संगरूर कैंपस में मिलेगी सुविधा, पहली बार ईएसआई हरियाणा से हुआ समझौता
Cashless Treatment: हरियाणा के हजारों कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) लाभार्थियों के लिए कैंसर इलाज अब पहले से अधिक सुलभ और किफायती होने जा रहा है। होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) ने पहली बार ईएसआईसी हरियाणा के साथ समझौता (एमओयू) कर लिया है। इसके बाद ईएसआईसी हरियाणा के लाभार्थी और स्टाफ सदस्य संस्थान के न्यू चंडीगढ़ और संगरूर स्थित दोनों परिसरों में कैशलेस कैंसर उपचार का लाभ उठा सकेंगे।
यह कदम ऐसे समय में आया है जब गंभीर बीमारियों के इलाज की बढ़ती लागत के बीच गुणवत्तापूर्ण और आर्थिक रूप से सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। समझौता ज्ञापन पर होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, पंजाब के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया और ईएसआईसी हरियाणा के क्षेत्रीय निदेशक हरिओम प्रकाश ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान हरियाणा के राज्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक राय समेत दोनों संस्थानों के अधिकारी मौजूद रहे।
इलाज ही नहीं, जांच से रेडियोथेरेपी तक पूरी सुविधा
इस आबद्धता के बाद ईएसआईसी योजना से जुड़े लाभार्थी अस्पताल में कैंसर उपचार की व्यापक सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इसमें बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), भर्ती मरीजों की देखभाल (आईपीडी), डायग्नोस्टिक और प्रयोगशाला सेवाएं, आपातकालीन सुविधा, डे-केयर और रेडियोथेरेपी सेवाएं शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि मरीजों को आर्थिक दबाव से राहत देते हुए समय पर इलाज सुनिश्चित करना भी है।
पहले से हजारों मरीज ले रहे हैं लाभ
होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र पंजाब पहले से ईएसआईसी पंजाब, चंडीगढ़, लुधियाना और हिमाचल प्रदेश के लाभार्थियों को सेवाएं दे रहा है। संस्थान के अनुसार पहली अप्रैल, 2025 से 31 मार्च, 2026 के बीच करीब 3,000 ईएसआईसी कार्डधारकों ने यहां कैशलेस इलाज प्राप्त किया। इसे विशेष कैंसर सेवाओं में मरीजों के बढ़ते भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
‘आर्थिक वजह से कोई मरीज इलाज से वंचित न रहे’
होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र पंजाब के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया ने कहा कि ईएसआईसी हरियाणा के साथ जुड़ना समाज के सभी वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण और किफायती कैंसर देखभाल पहुंचाने के मिशन में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि संस्थान मरीज-केंद्रित सेवाओं के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करना चाहता है कि कोई भी मरीज आर्थिक सीमाओं के कारण इलाज से वंचित न रहे।
विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला कैंसर केंद्र
न्यू चंडीगढ़ स्थित यह अस्पताल अगस्त 2022 में राष्ट्र को समर्पित किया गया था। भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत आने वाले टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई द्वारा करीब 660 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह 300 बेड का अस्पताल है। अस्पताल में सर्जरी, रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं संगरूर स्थित 150 बेड का कैंपस इसके सहयोगी केंद्र के रूप में क्षेत्र के मरीजों को सेवाएं दे रहा है। नई व्यवस्था के बाद हरियाणा के ईएसआईसी लाभार्थियों के लिए कैंसर उपचार तक पहुंच आसान होने और जेब पर खर्च का बोझ कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
