अम्बाला शहर को मिली 12 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने किया शिलान्यास व उद्घाटन
पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल नन्यौला ने आज अम्बाला शहर के विभिन्न वार्डों के तहत करोड़ों रुपये की लागत से किए जाने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास व उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को सौगात देने का काम किया। पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल नन्यौला ने इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों को अष्टमी व राम नवमी की बधाई देते हुए सभी के जीवन में खुशियां आएं, सुख समृद्धि आए इसकी प्रभु से कामना की। उन्होंने कहा कि आज अम्बाला शहर नगर निगम के विभिन्न वार्डों के लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया गया है। इनके बाद वार्डों की सुंदरता व सुविधाएं और बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में विकास का पहिया अम्बाला शहर विधानसभा क्षेत्र में तेजी से घूम रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षो में नगर निगम के तहत लगभग 216 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न वार्डो में विकास कार्यों को करवाने का काम किया गया है।
आज जिन विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है, उनमें 2 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाये जाने वाले ट्यूबवैलों का, 62 लाख 21 हजार 337 रुपए की लागत से विभिन्न वार्डों में एलईडी पोस्ट टॉप लैम्प लगाए जाने का तथा 9 करोड़ 12 लाख 363 रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में 55 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास शामिल है।
पानी निकासी की समस्या का होगा जड़ से समाधान
गोयल ने इस मौके पर कहा कि अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र के तहत आईएमटी आने से अंबाला में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा अंबाला विकास की दृष्टि से और मजबूत एवं विकसित बनेगा। उन्होने बताया कि अंबाला शहर में बरसाती पानी की निकासी की स्थाई समस्या के समाधान के लिए आईआईटी रुड़की द्वारा सात विभागों के सहयोग से रूपरेखा तैयार की रही है, जुलाई माह तक यह रूपरेखा तैयार हो जाएगी।

