अगम अनंत फाउंडेशन का स्पोर्ट्स इवेंट 3 व 4 को
अगम अनंत फाउंडेशन संस्थापक अगम हरीश गुर्जर ने बुधवार को बताया कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अगम अनंत फाउंडेशन की...
अगम अनंत फाउंडेशन संस्थापक अगम हरीश गुर्जर ने बुधवार को बताया कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अगम अनंत फाउंडेशन की ओर से 3 व 4 अक्तूबर, 2026 को छछरौली स्टेडियम में भव्य स्पोर्ट्स इवेंट देसी हाय्रॉक्स गेम्स का आयोजन किया जाएगा। अगम हरीश गुर्जर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना है।
गुर्जर ने कहा कि फिट युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव हैं। आज के समय में युवाओं को मोबाइल और डिजिटल जीवनशैली से बाहर निकालकर खेल के मैदान से जोड़ना बेहद जरूरी है। इसी सोच के साथ अगम अनंत फाउंडेशन द्वारा इस अनूठे खेल आयोजन की शुरुआत की जा रही है, जिसमें लड़के और लड़कियां दोनों उत्साहपूर्वक भाग ले सकेंगे। इनमें ब्रॉड जंप, 50 मीटर स्प्रिंट, टायर फ्लिप, हर्डल जंप, जिग-जैग कोन्स, आर्मी क्रॉल, सैंडबैग कैरी, टायर पुल, मंकी रन तथा 100 मीटर फाइनल स्प्रिंट जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
प्रतियोगिता में सीनियर (18+) और जूनियर (अंडर-18) वर्ग रखे गए हैं। सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11,000 रुपये, द्वितीय को 7,100 रुपये तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 5,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5,100 रुपये, 3,100 रुपये और 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। फाउंडेशन संस्थापक अगम हरीश गुर्जर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस खेल आयोजन में भाग लें और अपनी प्रतिभा को पहचान देने के साथ-साथ स्वस्थ एवं फिट जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
भाजपा जिला यमुनानगर मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग ने आयोजन की तैयारियों को लेकर फाउंडेशन की टीम द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

