दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए बनेगा विशेष स्टेडियम : नायब सैनी
सीएमएमडीयू में स्पेशल ओलंपिक्स भारत का ऐतिहासिक शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए हरियाणा में एक विशेष स्टेडियम बनाया जाएगा, जिसमें आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुगम्य भारत की सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री मंगलवार को यहां महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (मदवि) में आयोजित स्पेशल ओलंपिक भारत राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों व उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे।
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश के 26 राज्यों से 500 से अधिक खिलाड़ी, उनके कोच और सहयोगी भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पेशल ओलंपिक भारत को 31 लाख रुपये तथा खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की ओर से 21 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि गुरुग्राम के दौलताबाद में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और उत्तर भारत का मॉडल खेल केंद्र बनाया जाएगा। स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा ने कहा कि चैंपियनशिप विशेष खिलाड़ियों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। मदवि के कुलपति राजबीर सिंह ने आयोजन को विवि के लिए गौरवपूर्ण बताया। यह प्रतियोगिता 7 फरवरी तक चलेगी। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, डीएलसी सुपवा के कुलगुरू डॉ. अमित आर्य, एसजीटी युनिवर्सिटी के कुलगुरू डॉ. हेमंत वर्मा, जींद स्थित चौधरी रणवीर सिंह विवि के कुलगुरु रामपाल सैनी, राजकुमार कपूर, कुलताज, राजेश जैन, डॉ. शेफाली पन्नू, स्पेशल ओलंपिक भारत के उपाध्यक्ष पवन कुमार पटौदिया, महासचिव डॉ. डीजी चौधरी, ज्वाईंट डायरेक्टर स्पोट्र्स एकता झा, आरसीआई की पूर्व अध्यक्षा डॉ. शरणजीत कौर, मानव रचना के अध्यक्ष डॉ. अमित भल्ला, मदवि के कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत व विशेष एथलीट केशव आदि मौजूद थे।
मदवि में गर्ल्स स्पोर्ट्स हॉस्टल का शिलान्यास
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मदवि में गर्ल्स स्पोर्ट्स हॉस्टल के निर्माण का शिलान्यास किया। करीब 5 करोड़ की लागत से बनने वाला यह ग्राउंड प्लस तीन मंजिला हॉस्टल 150 महिला खिलाड़ियों की क्षमता वाला होगा। लगभग 2374 वर्ग मीटर कवर एरिया में बनने वाले इस भवन में आधुनिक आवासीय सुविधाएं, किचन, डाइनिंग, कॉमन रूम, डॉरमेट्री, वार्डन कक्ष तथा प्रत्येक मंजिल पर शौचालय उपलब्ध होंगे।

