साहा की जल निकासी के लिए 31 करोड़ की योजना तैयार
पूर्व मंत्री संतोष चौहान सारवान, मुलाना मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसमेर राणा की मांग मानी
वर्ष 2026 साहा नगरवासियों के लिए राहत भरा रहेगा। जल निकासी का गंभीर संकट झेल रहे यहां के लोगों की सूबे की नायब सैनी सरकार ने सुन ली है। पूर्व मंत्री संतोष चौहान सारवान व सीएम सैनी के करीबी मुलाना मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसमेर राणा की मांग पर सरकार ने जल निकासी के लिए 31 करोड़ रुपये खर्चने का निर्णय लिया है।
दरअसल, पिछले कुछ समय से जब से यहां अलग-अलग कॉलोनी का विकास हुआ है, जल निकासी एक गंभीर मुद्दा बन चुका था। हाल ही में पूर्व मंत्री संतोष चौहान सारवान ने मुख्यमंत्री से मिलकर यह मांग की थी कि साहा कस्बे के लोग जल निकासी न होने की वजह से 3 महीने तक घरों में कैद रहते हैं, क्योंकि लोगों को बारिश के दिनों में सड़क पर पैर रखने को भी जगह नहीं मिलती। इसके चलते उनका जीना दुश्वार हो गया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस बात पर गंभीरता से संज्ञान लिया और कहा कि इस पर जल्द ही बड़ा एक्शन होगा ताकि यहां का पानी एक पाइप लाइन के जरिए मारकंडा नदी में डाल दिया जाए। इसके लिए सरकार ने एक प्रपोजल की मांग की थी, जिसमें 31 करोड़ रुपये खर्च आने की बात कही गई।
डीसी ने ली विभागों की अहम बैठक
उपायुक्त अम्बाला अजय सिंह तोमर ने पंचायती विभाग, सिंचाई विभाग और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों की दो बैठकें लीं, जिनमें इस पूरे प्लान पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान इस बात पर खास फोकस रहा की कौन-सा विभाग इसमें क्या काम कर सकता है। अंत में यह सारा निर्णय पंचायती विभाग पर छोड़ दिया गया है, जिसके चलते जल्द ही पंचायती विभाग इस एक्शन प्लान पर काम करेगा।

