हरिद्वार हाईवे पर कुराड फार्म के पास धान, ईख के अवशेषों के स्टॉक में लगी भीषण आग
पानीपत में नेशनल हाईवे-709 एडी पर कुराड फार्म के पास करीब दो एकड़ में रखे फसल अवशेषों की गांठों के स्टॉक में बुधवार शाम को करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना डायल 112 पुलिस...
पानीपत में नेशनल हाईवे-709 एडी पर कुराड फार्म के पास करीब दो एकड़ में रखे फसल अवशेषों की गांठों के स्टॉक में बुधवार शाम को करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना डायल 112 पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। हवा के चलते धान एवं ईख के अवशेषों की गांठों में लगी आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और सनौली खुर्द थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की भी पानीपत शहर से करीब 5 गाड़ियां पहुंची और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका तब तक पराली व ईख के अवशेषों की सारी हजारों गांठें जलकर राख हो गई। इस बारे में स्टॉक के मैनेजर मुलचंद ठाकुर ने बताया कि दो एकड़ में धान व ईख के अवशेषों की कई हजार गांठें यहां पर स्टोर करके रखी गई थीं। इनमें से अधिकतर गांठों को फैक्टरियों में ईंधन के लिये सप्लाई किया जाता था। मैनेजर ने बताया कि आग लगने से बहुत भारी नुकसान हुआ है।

