रेवाड़ी में पुलिस व कुख्यात बदमाशों में मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोलियां; बुलेट प्रूफ जैकेट होने से बची सब इंस्पेक्टर की जान
बदमाशों पर हत्या सहित 24 से अधिक संगीन मामले दर्ज, दो अवैध पिस्टल और बिना नंबर की बाइक बरामद
Rewari Police Encounter : रेवाड़ी पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात एवं वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वे घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, खाली कारतूस एवं वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। ये दोनों आरोपी 24 से अधिक संगीन मामलों में वांछित हैं।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिला पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए धारूहेड़ा की टीम को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली। उन्होंने बताया कि गत 28 जून की रात गांव बखापुर निवासी रतिराम उर्फ रतिया गुर्जर के घर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले दो मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे। विश्वसनीय सूचना मिलने पर सीआईए धारूहेड़ा पुलिस टीम ने साबी रेलवे पुलिया के समीप नाकाबंदी की।
रात लगभग साढ़े दस बजे पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपियों ने बैरिकेड में टक्कर मारते हुए पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली एसआई फकरुदीन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद आरोपी खेतों की ओर भागने लगे और लगातार पुलिस पर गोलियां चलाते रहे। एक गोली निरीक्षक योगेश हुड्डा के कान के बेहद निकट से गुजर गई, जबकि एसआई प्रदीप कुमार भी बाल-बाल बचे।
लगातार फायरिंग के बीच पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश मोहन सोनी के दाहिने पैर तथा दूसरी गोली आरोपी गोविंद उर्फ झम्मन के बाएं पैर में लगी। घायल होने के बाद दोनों बदमाशों को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। उन्हें पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, खाली खोल तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
आरोपियों के खिलाफ थाना कसौला में सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने, अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों के खिलाफ हरियाणा एवं राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, लूट, डकैती, रंगदारी, चोरी तथा आर्म्स एक्ट सहित 24 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गोविंद के खिलाफ 16 तथा मोहन सोनी के खिलाफ 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

