25 Years of Modi : बेरोजगारी पर आंदोलन का रोडमैप बनाएगी युवा कांग्रेस, ‘छात्रों की गूंज’ बूथ तक ले जाने की तैयारी
हरियाणा कांग्रेस ने फ्रंटल संगठनों के लिए तैयार किया अलग-अलग एजेंडा
25 Years of Modi : हरियाणा कांग्रेस ने अपने फ्रंटल संगठनों को सक्रिय करने के लिए अब अलग-अलग मुद्दों और कार्यक्रमों का एजेंडा तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठकें कीं।
इनमें कार्यकर्ताओं की ट्रेनिंग, युवाओं के लिए आंदोलन की तैयारी, महिला संगठन के विस्तार और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर फोकस रहा। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पवार के साथ बैठक में जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण शिविर लगाने का फैसला हुआ। इनकी शुरुआत दिवाली के बाद होगी। कार्यकर्ताओं को पंचायती राज व्यवस्था, जनहित के मुद्दों, कांग्रेस की विचारधारा और आने वाली राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के तौर-तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
बेरोजगारी पर आंदोलन का रोडमैप
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया और कार्यकारी अध्यक्ष सोमिल संधू के साथ बैठक में युवाओं के मुद्दों पर चर्चा हुई। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक ले जाने की रणनीति पर विचार किया गया। प्रदेश में बेरोजगारी और युवाओं की दूसरी समस्याओं को लेकर आंदोलन का रोडमैप तैयार करने के लिए पदाधिकारियों से सुझाव लिए गए। इसके बाद युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी के साथ भी अलग बैठक हुई। संजय दत्त ने कहा कि भाजपा सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने की न नीति है और न नीयत। युवा कांग्रेस युवाओं के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
महिला संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा और हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी के साथ बैठक में महिलाओं से जुड़े मुद्दों और संगठन में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। निर्वाचित एवं पूर्व महिला जनप्रतिनिधियों का एक दिवसीय सम्मेलन कराने की योजना पर भी विचार हुआ। ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत महिला कांग्रेस का ढांचा जमीनी स्तर तक खड़ा करने तथा महिला आरक्षण के मुद्दे को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
ब्लॉक सम्मेलन, एसआईटार और मंडल मैपिंग भी परखे
प्रदेश में चल रहे ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलनों की समीक्षा की गई। संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह अब तक पिंगनवा (नूंह), बादशाहपुर (गुरुग्राम), शाहाबाद ग्रामीण (कुरुक्षेत्र) और साहा (अंबाला) के चार सम्मेलनों में संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो चुके हैं। बैठक में एसआईआर अभियान का जिलेवार फीडबैक लिया गया। मंडल स्तर पर संगठन गठन के लिए चल रही मैपिंग की भी समीक्षा की गई।

