समालखा में 12वीं का छात्र संदिग्ध हालात में लापता, नहर किनारे स्कूटी-रिवॉल्वर बरामद
पुलिस और परिजनों ने दिनभर नहर में सर्च अभियान चलाया
वार्ड नंबर 11 स्थित एक कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर घर लौट रहा 16 वर्षीय 12वीं कक्षा का छात्र हिमांशु संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने मंगलवार रात पुलिस को इसकी सूचना दी। बुधवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस को नामुंडा के पास दिल्ली पैरलल नहर के नजदीक छात्र की स्कूटी, रिवॉल्वर और स्कूल बैग लावारिस हालत में बरामद हुए, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस और परिजनों ने दिनभर नहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए टीम भी जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों की शिकायत के अनुसार, छात्र के पिता अनिल सिंगला ने बताया कि उनका बेटा हिमांशु पट्टीकल्याणा स्थित एक निजी स्कूल में 12वीं का छात्र है और मंगलवार शाम मॉडल टाउन में ट्यूशन पढ़ने गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि चार-पांच दिन पहले हिमांशु का कुछ दोस्तों के साथ विवाद हुआ था। पिता ने राघव नामक युवक समेत एक अन्य पर शक जताते हुए पुलिस से गहन पूछताछ की मांग की है।
नहर किनारे मिले अहम सुराग
समालखा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी, रिवॉल्वर व स्कूल बैग को कब्जे में लिया। बैग से चार जिंदा कारतूस और रिवॉल्वर से दो खाली खोल बरामद हुए हैं। इसके अलावा बैग में कॉपियां, पेन, चश्मा, चॉकलेट का रैपर और स्कूटी की रिमोट चाबी भी मिली है।
कई सवाल खड़े, जांच जारी
सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्र कोचिंग सेंटर से करीब 6 किलोमीटर दूर नहर तक कैसे पहुंचा। प्रारंभिक आशंका नहर में डूबने की जताई जा रही है, लेकिन अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। परिजनों और पुलिस दोनों ने गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया।
सूत्रों के अनुसार, दोस्तों के साथ हालिया घटनाक्रम और कथित तौर पर गोली चलाने की बात भी जांच के दायरे में है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

