भाजपा नेता से 5 करोड़ की फिरौती मांगने पर युवक गिरफ्तार
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जाहिद हुसैन से लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में नूंह थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 19 वर्षीय आकाश यादव उर्फ अंशु...
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जाहिद हुसैन से लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में नूंह थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 19 वर्षीय आकाश यादव उर्फ अंशु को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
पुलिस के अनुसार, जाहिद हुसैन ने 28 सितंबर को शहर थाना पुलिस में शिकायत दी थी कि 27 सितंबर की रात उनके मोबाइल पर कॉल आई, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए 5 करोड़ रुपये की मांग की गई और न देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई। जांच में साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल, ग्राहक आवेदन फॉर्म और लोकेशन खंगाली गई। धमकी के लिए इस्तेमाल नंबर आकाश यादव के नाम पर पंजीकृत मिले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके परिजनों को नोटिस दिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। रिमांड के दौरान एक अन्य मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने कुछ महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं और एक अन्य व्यक्ति का नाम भी सामने आया है।

