श्रमिकों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भारतीय मजदूर संघ हरियाणा के बैनर तले जिले के सैकड़ों श्रमिकों ने स्थानीय सिंघाना मार्ग स्थित सुभाष पार्क में एकत्रित होकर सभा का आयोजन किया। सभा की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष आशीष गौरा ने की, जबकि मंच संचालन जिला...
भारतीय मजदूर संघ हरियाणा के बैनर तले जिले के सैकड़ों श्रमिकों ने स्थानीय सिंघाना मार्ग स्थित सुभाष पार्क में एकत्रित होकर सभा का आयोजन किया। सभा की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष आशीष गौरा ने की, जबकि मंच संचालन जिला मंत्री हरकेश द्वारा किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला मंत्री हरकेश ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की केंद्रीय समिति के आह्वान पर देशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर श्रमिकों की मांगों को लेकर केंद्र सरकार व प्रदेश सरकारों का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से प्रदर्शन किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष आशीष गौरा ने कहा कि यदि श्रमिकों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो संघ द्वारा राष्ट्रव्यापी श्रमिक आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सभा के उपरांत सभी श्रमिक कार्यकर्ता सुभाष पार्क से सिंघाना रोड व महावीर चौक होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। उपायुक्त के कार्यालय में उपायुक्त के बाहर होने के कारण कार्यालय अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार को प्रधानमंत्री, श्रम एवं रोजगार मंत्री भारत सरकार तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान श्रमिकों को आश्वस्त किया गया कि ज्ञापन शीघ्र सरकार तक पहुंचा दिया जाएगा। इस मौके पर अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा (एनएचएम), पब्लिक हेल्थ ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटर संगठन, भवन निर्माण श्रमिक संघ, कंप्यूटर लैब अटेंडेंट कर्मचारी संघ, हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ समेत कई संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद थे।

