इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने कहा कि बुजुर्गों के सम्मान पर किसी भी तरह की आंच नहीं आने दी जाएगी और इसके लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में इनेलो की ओर से प्रदेश सरकार से पूछा जाएगा कि किस आधार पर एक लाख पांच हजार बुजुर्गों की पेंशन काटी गई। शनिवार को रोहतक में अपने जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे अभय चौटाला ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने गलत पेंशन बनने की शिकायत का हवाला देकर बुजुर्गों की पेंशन बंद कर दी, जबकि पिछले एक वर्ष से पेंशन पोर्टल ही ठीक से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुजुर्गों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और मंत्रियों की बयानबाजी पर भी नियंत्रण करें। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग सम्मान पेंशन की शुरुआत चौधरी देवीलाल ने की थी और बुजुर्गों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अभय चौटाला ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि व्यापारियों और नेताओं को धमकी भरे फोन आ रहे हैं, जिससे प्रदेश में अपराध बढ़ने की स्थिति बन रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा की मौजूदा स्थिति के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों जिम्मेदार हैं और आने वाले समय में जनता इनेलो को सत्ता में लाने का निर्णय करेगी, जिससे हर वर्ग को राहत मिलेगी। इस अवसर पर इनेलो नेता मनजीत कण्हेली मौजूद थे।
+
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

