Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, गुरुग्राम में पारा 0.6 डिग्री; चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 डिग्री के आसपास
Weather Update: पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया
Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सोमवार को कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। हरियाणा का गुरुग्राम सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Observed #Minimum #Temperature over #Punjab, #Haryana & #Chandigarh dated 12-01-2026 pic.twitter.com/dJmN9aIc7g
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) January 12, 2026
वहीं, चंडीगढ़ और दिल्ली में पारा करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिससे दोनों शहरों में जनवरी 2023 के बाद की सबसे ठंडी सुबह देखने को मिली।
चंडीगढ़ में इस सर्दी की सबसे ठंडी रात
मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में रविवार रात कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सर्दी का अब तक का सबसे कम तापमान है।
शनिवार रात शहर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रहा था। पिछले साल जनवरी में चंडीगढ़ का सबसे कम तापमान 27 जनवरी को 6 डिग्री दर्ज हुआ था, जबकि 2024 में 16 जनवरी को पारा 2.7 डिग्री तक गिर गया था।
गुरुग्राम हरियाणा में सबसे ठंडा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुग्राम में दर्ज 0.6 डिग्री तापमान ने ठंड का असर और तेज कर दिया। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।
क्या है कोल्ड वेव की परिभाषा
IMD के अनुसार जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम हो और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री कम दर्ज किया जाए, या तापमान 4 डिग्री या उससे नीचे पहुंच जाए, तो शीत लहर (कोल्ड वेव) मानी जाती है। यदि न्यूनतम तापमान 2 डिग्री या उससे नीचे चला जाए, तो भीषण शीत लहर घोषित की जाती है।
कोहरे और शीत लहर के लिए येलो अलर्ट
IMD ने घने से बहुत घने कोहरे और शीत लहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जो अगले एक सप्ताह तक प्रभावी रहने की संभावना है।
ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला) में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है और आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना भी कम है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रातें बेहद ठंडी रहेंगी, जबकि दोपहर में धूप से कुछ राहत मिल सकती है।
दिल्ली में भी ठंड का कहर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सोमवार को न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जनवरी 2023 के बाद सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह 8:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है।
IMD ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री रहने की संभावना है, लेकिन अगले दो दिनों तक शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है। इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।
(सभी फोटोः ट्रिब्यून, चंडीगढ़ से प्रदीप तिवारी)

