फरीदाबाद के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आज भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से भेंट की और उनका हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री गुर्जर ने कहा कि नितिन नबीन का यह नया दायित्व संगठन के प्रति उनके दीर्घ अनुभव, समर्पण और कर्मठता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नबीन के सशक्त नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और अधिक सुदृढ़ होगी और राष्ट्रसेवा के संकल्प को नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त होगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि नितिन नबीन की संगठनात्मक क्षमता, कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि उनका कार्यकाल अत्यंत सफल, प्रेरणादायी और ऐतिहासिक हो। उन्होंने यह भी कहा कि नबीन के नेतृत्व में भाजपा का “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” का मंत्र जन-जन तक और अधिक मजबूती के साथ पहुंचे।
श्री गुर्जर ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत की आर्थिक स्थिति मजबूती की ओर बढ़ रही है और विकास के हर पहलू में सुधार हो रहा है। देशवासियों को अब हर स्तर पर सुरक्षा और अवसर मिल रहे हैं, जिससे जनता अपने भविष्य के प्रति आश्वस्त महसूस कर रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नितिन नबीन को बुक्के देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य तथा पार्टी के सशक्त नेतृत्व की कामना की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती, पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्थान और जनता तक विकास की योजनाओं को पहुंचाने पर भी चर्चा की।

