किसान, गरीबों और मध्यम वर्ग के हित में होगा केंद्रीय बजट : कार्तिकेय शर्मा
राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय बजट कृषि और गरीब तथा मध्यम वर्ग के हित में होगा। कार्तिकेय शर्मा शनिवार को जींद के जयंती देवी मंदिर में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल...
राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय बजट कृषि और गरीब तथा मध्यम वर्ग के हित में होगा। कार्तिकेय शर्मा शनिवार को जींद के जयंती देवी मंदिर में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने यूजीसी के मुद्दे पर कुछ बोलने से यह कहकर मना कर दिया कि मामला सुप्रीम कोर्ट के विचाराधीन है। इससे पहले कार्तिकेय शर्मा ने मंदिर में 11000 कन्याओं एवं माताओं का विधिवत पूजन, सम्मान एवं भोज संपन्न करवाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि माता जयंती देवी मंदिर आस्था के साथ-साथ भारत की प्राचीन परंपराओं और इतिहास से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि मान्यताओं के अनुसार महाभारत काल में पांडवों ने इसी सिद्धपीठ में माता रानी से विजय का आशीर्वाद प्राप्त किया था और आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कन्या पूजन का आयोजन किया जा रहा है।
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने माता जयंती देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण हेतु 11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। नमो शक्ति रथ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी समय में मंदिर परिसर में महिलाओं के लिए निःशुल्क स्तन कैंसर जांच की व्यवस्था की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य जागरूकता को सामाजिक और धार्मिक आयोजनों से जोड़ा जा सके।

