मानहानि नोटिस पर बवाल : उमेद पातुवास ने आप नेता राकेश चांदवास को भेजा 2 करोड़ का नोटिस
बोले -जरूरत पड़ी तो भीख मांगकर जुटाऊंगा 2 करोड़ रुपये, अधिकारियों के माध्यम से विधायक को भिजवाऊंगा राशि
बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है। भाजपा विधायक उमेद सिंह पातुवास द्वारा आम आदमी पार्टी के नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राकेश चांदवास को 2 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजे जाने के बाद मामला गरमा गया है। इस संबंध में राकेश चांदवास ने प्रेस वार्ता कर विधायक और सरकार पर निशाना साधते हुए नोटिस का कानूनी जवाब देने की बात कही।
विधायक उमेद सिंह पातुवास की ओर से अधिवक्ता नवीन फोगाट के माध्यम से भेजे गए नोटिस में आरोप लगाया गया है कि राकेश चांदवास ने अपने इंटरव्यू और सार्वजनिक बयानों के जरिए विधायक तथा उनके परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाले कथित रूप से झूठे और भ्रामक आरोप लगाए हैं। नोटिस में 1971 युद्ध के शहीद सूबे सिंह के संबंध में की गई टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई गई है।
नोटिस में चांदवास से 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने, संबंधित सामग्री हटाने और 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की गई है।
वहीं, प्रेस वार्ता में राकेश चांदवास ने कहा कि यदि विधायक उनसे 2 करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं तो वह जरूरत पड़ने पर भीख मांगकर यह राशि एकत्रित करेंगे और अधिकारियों के माध्यम से विधायक तक पहुंचाएंगे। चांदवास ने कहा कि उनकी लड़ाई क्षेत्र के मुद्दों और जनहित के सवालों को लेकर है तथा वह नोटिस का जवाब कानूनी प्रक्रिया के तहत देंगे।
उधर, विधायक पक्ष अपने आरोपों पर कायम है। ऐसे में यह मामला अब राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ कानूनी स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।

