Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

एसटीपी का उचित संचालन नहीं करने पर दो अफसर सस्पेंड

जन शिकायतों पर मुख्यमंत्री नायब सैनी का गुरुग्राम में बड़ा एक्शन

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
गुरुग्राम
Advertisement
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में लोगों द्वारा विभिन्न माध्यमों की गई शिकायतों पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए बड़ा एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री ने एक शिकायत के मामले में बिल्डर द्वारा सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) का उचित संचालन नहीं करने पर गुरुग्राम के दोनों क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा गलत रिपोर्टिंग को स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान शिकायतों की समीक्षा की। इनपर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से नागरिकों से फोन पर फीडबैक लिया गया था। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों के समक्ष इन शिकायतों की वास्तविक स्थिति को लेकर जवाब तलब किया।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में गुरुग्राम जिले में किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी, मुख्यमंत्री कार्यालय में इंफ्रास्ट्रक्चर एवं इंजीनियरिंग विभागों के सलाहकार राजीव यादव मौजूद रहे।

Advertisement

बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट के निस्तारण की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Advertisement

गुरुग्राम जलापूर्ति चैनल को खुले नहर मार्ग से भूमिगत पाइपलाइन में परिवर्तित करने की परियोजना का जनवरी माह में शिलान्यास किया जाएगा। बैठक में ग्लोबल सिटी सहित शहर से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

बैठक में सिंचाई और जल संसाधन विभाग के एसीएस अनुराग अग्रवाल, लेबर विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजीव रंजन, पब्लिक हेल्थ एवं इंजीनियरिंग विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी पंकज यादव, जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक मीणा, सीपी शिवास कविराज मौजूद रहे।

सिटी बस सेवा की औद्योगिक क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री ने सिटी बस सेवा की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सिटी बस सेवा के रूट इस प्रकार निर्धारित किए जाएं कि शहर के प्रमुख क्षेत्रों के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों तक भी लोगों को सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सके। बैठक में बताया गया कि अक्तूबर के अंत तक गुरुग्राम में 40 इलेक्ट्रिक बसें आनी है। इन बसों के संचालन के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर लिया गया है।

पहले धनकोट में नहरी रास्ते का निर्माण हो : राव नरबीर

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम जलापूर्ति चैनल को भूमिगत पाइपलाइन में परिवर्तित करने की परियोजना से पहले धनकोट में नहरी रास्ते का निर्माण करवाया जाए। उन्होंने कहा कि धनकोट क्षेत्र में नहरी मार्ग का निर्माण होने से फर्रूखनगर, झज्जर तथा अन्य क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

...

Advertisement
×