राजस्थान के अलवर से ऑटो में सवार श्यामभक्तों को तेज रफ्तार तेल टैंकर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो पलट गया। सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गये, जिसमें दो लोगांे की हालत ज्यादा गंभीर बनी हुई है। राजस्थान के अलवर निवासी ऑटो चालक दीपक पाठक ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके पड़ोस के गांव के जयसिंह को परिवार के साथ रेवाड़ी के गांव लीलोढ़ स्थित श्याम बाबा मंदिर जाना था। उन्होंने उसका ऑटो किराये पर लिया था। 23 फरवरी को वह गांव से निकले थे। ऑटो में जयसिंह, उनके परिवार की 3 महिलाएं, दो पुरुष व चार बच्चे सवार थे। परिवार के ये सदस्य बीच-बीच में पैदल भी चलते थे। जिसके कारण उसे ऑटो रोकना पड़ता था। बुधवार को सुमन और जयसिंह पैदल चल रहे थे। अन्य सदस्य ऑटो में सवार थे। जब उनका ऑटो गांव शहबाजपुर खालसा पहुंचा तो पीछे से आये तेल टैंकर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो आगे पैदल चल रही सुमन से टकराकर पलट गया। हादसे में सुमन और ऑटो में सवार परिवारजनों को गंभीर चोटें आई। सुमन और मानसिंह की हालत गंभीर है। कसौला थाना पुलिस ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
+
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

