बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान, विधायक सावित्री जिंदल को सौंपा ज्ञापन
जलघर, पावर हाउस, मोबाइल नेटवर्क, एंट्री गेट और संपर्क सड़क निर्माण की मांग
हिसार के सेक्टर-33, सेक्टर-14 और सेक्टर-14 पार्ट-2 के निवासियों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर रविवार को विधायक सावित्री जिंदल को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों को देखते हुए जलघर, पावर हाउस, मोबाइल नेटवर्क, एंट्री गेट और संपर्क सड़क जैसी आवश्यक जनसुविधाओं के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर जल्द शुरू कराने की मांग की।
विधायक सावित्री जिंदल को राजपाल नैन ने बताया...
सेक्टर-33 आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान राजपाल नैन ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आबादी के कारण पेयजल और बिजली व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसका परिणाम यह है कि लोगों को लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और पानी के कम दबाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक आधारभूत ढांचे का विस्तार नहीं किया गया तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ज्ञापन में सेक्टर-14 पार्ट-2 स्थित एसटीपी के सामने आरक्षित 21.51 एकड़ भूमि पर नया जलघर बनाने और उसमें बालसमंद नहर से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा सेक्टर-33 में आरक्षित 2.16 एकड़ भूमि पर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र (पावर हाउस) के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की भी मांग उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के स्थायी समाधान, सिरसा रोड पर एंट्री गेट तथा संपर्क सड़क के निर्माण की आवश्यकता भी विधायक के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों परिवारों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
इस अवसर पर राजपाल नैन, साधु राम भ्याण, नरेश गोयल, बलदेव बागला, दलबीर खत्री, महेश भाटिया, ज्ञानचंद मोंगा, केडी भाटिया, कुलवंत जांगड़ा, महावीर बाणा, मनोज कुंदू, टीनू जैन, बंसीलाल भाटिया, मोहिंदर श्योकंद, संतोष जाखड़ सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी मौजूद रहे।
विधायक सावित्री जिंदल ने किया 3.11 करोड़ रुपये के कार्यों का शुभारंभ

