नये साल की पार्टी कर कमरे में अंगीठी जलाकर सोये नेपाल निवासी 3 युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक नेपाल के रहने वाले थे और फार्म हाउस पर रसोइये का काम करते थे। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार शाम को कच्चा चमारिया रोड स्थित फार्म हाउस पर तीन युवकों के शव कमरे में पड़े मिले। मृतकों की पहचान नेपाल निवासी कमल, राजकुमार व संतोष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कमल सेक्टरों में किराये पर कमरा लेकर रहता था और राजकुमार व संतोष हाल ही में नेपाल से यहां पर आए थे। तीनों ही फार्म हाउस पर काम करते थे। फार्म मालिक ने न्यू ईयर की पार्टी रखी थी और देर रात हो जाने के कारण कमल, राजकुमार व संतोष फार्म हाउस पर ही बने कमरे में ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाकर सो गए और तीनों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना का पता उस वक्त लगा जब तीनों ने फोन नहीं उठाया और उनके परिचित फार्म हाउस पर पहुंचे। मृतकों के जानकारों ने घटना की सूचना तुंरत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में पता किया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शवों को पीजीआई भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।
+
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

