सोनीपत के वार्ड-11 की गलियां का 1.66 करोड़ से होगा जीर्णोद्धार
विधायक मदान और निवर्तमान मेयर जैन ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ
विधायक निखिल मदान और निवर्तमान मेयर राजीव जैन ने वार्ड-11 स्थित शहर के सबसे व्यस्त बाजार कच्चे क्वार्टर मार्केट में विभिन्न गलियों को सीसी से पक्का करने के काम का नारियल तोड़कर शुभारंभ किया। इस काम पर नगर निगम का 1.66 करोड़ रुपये खर्च होगा।
विधायक मदान ने बताया कि कच्चे क्वार्टर मार्केट की जर्जर हो चुकी पुरानी गलियों को सीसी से पक्का करने का काम शुरू किया गया है। इनमें कुछ गलियां अरसे पहले सीसी से बनी थी जो अब टूट चुकी हैं। उनको अब दोबारा सीसी से बनाया जायेगा। साथ ही कुछ गलियों में सीवरेज और पेयजल की लाइन बिछाई गई थी उसके बाद उन्हें दोबारा से बनाया नहीं गया था। ऐसी गलियों का नये सिरे से निर्माण किया जायेगा। इस कार्य को 83 लाख रुपये की लागत से पूरा किया जायेगा। इससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
निवर्तमान मेयर जैन ने कहा कि कल्याण नगर, बत्रा कॉलोनी, भीम नगर और ज्ञान नगर की क्षतिग्रस्त गलियों के नवनिर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि व्यस्तम क्षेत्र होने के कारण इस कार्य को जल्द ही पूरा कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य पर नगर निगम के करीब 83 लाख रूपये खर्च होंगे।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद इंदु संजीव वलेचा, अशोक अरोड़ा, राजिंद्र चांदना, पवन तनेजा, लवली भुटानी, राकेश चोपड़ा, मुकेश वर्मा, अमित गुलाटी, मनोज कुमार, बिट्टू कामरा, सुमित वलेचा, गौरव झांब, हनुमान मंदिर के पुजारी त्रिलोक चंद शर्मा आदि भी मौजूद रहे।

