गुरुग्राम–पटौदी रोड पर गड्ढों में भी सड़क नजर नहीं आती : राजेश यादव
गुरुग्राम–पटौदी रोड पर गड्ढों में भी सड़क नजर नहीं आती, यह कहना है कांग्रेस नेता राजेश यादव का। गुरुग्राम-रेवाड़ी वाया पटौदी हाईवे पर सेक्टर-10 स्थित शहीद उमंग भारद्वाज चौक से गाड़ौली गांव तक सड़क की बदहाली को लेकर कांग्रेस नेता...
गुरुग्राम–पटौदी रोड पर गड्ढों में भी सड़क नजर नहीं आती, यह कहना है कांग्रेस नेता राजेश यादव का। गुरुग्राम-रेवाड़ी वाया पटौदी हाईवे पर सेक्टर-10 स्थित शहीद उमंग भारद्वाज चौक से गाड़ौली गांव तक सड़क की बदहाली को लेकर कांग्रेस नेता राजेश यादव (बादशाहपुर) ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही ट्रिपल इंजन सरकार का विकास है। उन्होंने कहा कि यहां ट्रिपल इंजन के साथ ट्रिपल प्रशासन-जीएमडीए, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर निगम और जिला प्रशासन काम कर रहा है, इसके बावजूद पिछले 10 वर्षों से यह सड़क नहीं बन पाई है और लोगों का जीवन नारकीय हो गया है।
' गुरुग्राम–पटौदी रोड उपेक्षा का शिकार'
राजेश यादव ने कहा कि सरकार के दावों के अनुसार नंबर-1 हरियाणा के नंबर-1 शहर, विकसित गुरुग्राम की यह सड़क प्रशासन और सरकार दोनों की उपेक्षा का शिकार है। उन्होंने कहा कि हाल ही में गुरुग्राम में आयोजित विकसित गुरुग्राम रैली के दौरान भाजपा की पार्लियामेंट्री बोर्ड सदस्य एवं पूर्व सांसद सुधा यादव ने भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष इस सड़क का मुद्दा उठाया था। उन्होंने मंच से कहा था कि जीएमडीए अब तक यह तय नहीं कर पाया है कि यह सड़क किस विभाग के अंतर्गत आती है।
' शहीद उमंग भारद्वाज चौक से गाड़ौली गांव तक गुरुग्राम–पटौदी रोड बेहाल'
उन्होंने कहा कि अब तो बारिश भी नहीं हो रही, फिर भी सड़क पानी से लबालब रहती है और जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। ऐसी बदहाल सड़कें बिहार, झारखंड और ओडिशा जैसे पिछड़े राज्यों में भी मुश्किल से देखने को मिलती हैं। सिंगापुर जैसी सड़कों के झूठे वादे किए गए, जबकि हकीकत इसके उलट है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम नगर निगम का तीन हजार करोड़ रुपये का बजट भी इस बदहाली के आगे बेमानी लगता है। खुद को वर्ल्ड क्लास एजेंसी बताने वाली जीएमडीए भी पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
राजेश यादव ने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों से प्रदेश की सत्ता में काबिज भाजपा ने गुरुग्राम का विकास नहीं, बल्कि विनाश किया है। जनता सड़क पर चलने के लिए रोड टैक्स देती है, लेकिन सरकार उन्हें सड़क तक मुहैया नहीं करा पा रही।
हरियाणा विज़न 2047 को लेकर गुरुग्राम में दो दिवसीय प्री-बजट मंथन, सीएम सैनी होंगे शामिल

