राइट कूल्हे का करना था ऑपरेशन, कर दिया लेफ्ट का, परिजनों का हंगामा
लापरवाही का आरोप, जांच के लिए सीएमओ को लिखा पत्र, डॉक्टर बोले- लेफ्ट कूल्हे में भी थी मामूली इंजरी
रोहतक के सनसिटी स्थित एक निजी अस्पताल में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि मरीज के दाएं (राइट) कूल्हे का ऑपरेशन किया जाना था, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने बाएं (लेफ्ट) कूल्हे का ऑपरेशन कर दिया, जबकि लेफ्ट कूल्हे में कोई गंभीर चोट नहीं थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए।
सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों के आरोपों की जांच के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र लिखा है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल बोर्ड की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहती है पुलिस--
पुलिस के अनुसार, बिजली विभाग में कार्यरत संदीप 11 जुलाई को खंभे से गिरकर घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें सनसिटी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद परिजनों को बताया था कि संदीप के राइट कूल्हे में चोट है। इसके अलावा लिवर में चोट और तीन पसलियां टूटने की बात भी सामने आई थी।
परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले डॉक्टरों ने संदीप के लेफ्ट कूल्हे का ऑपरेशन कर दिया, जबकि चोट राइट कूल्हे में थी। जब उन्होंने डॉक्टरों से इस बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
पेट में पॉलीथिन से पल-पल मर रहे कोबरा को सर्जरी से दी नयी जिंदगी
संदीप की पत्नी हेमलता ने बताया कि मरीज का एक्सरे भी राइट कूल्हे का ही कराया गया था, लेकिन ऑपरेशन लेफ्ट कूल्हे का कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत ऑपरेशन के कारण मरीज को परेशानी हुई है और अस्पताल ने दो लाख रुपये से अधिक का बिल भी बना दिया।
सोमवार को परिजनों ने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस को सभी दस्तावेज दिखाते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लेफ्ट कूल्हा ठीक था तो उसका ऑपरेशन क्यों किया गया।
वहीं, अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि लेफ्ट कूल्हे में भी मामूली इंजरी थी, जिसके चलते ऑपरेशन किया गया।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि मरीज के परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीएमओ को पत्र भेजा गया है। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

