नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा करना सरकार का मुख्य उद्देश्य : धर्मबीर सिंह
सांसद ने किया सर्वाइकल कैंसर के वैक्सीनेशन का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को राजस्थान के अजमेर से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की कड़ी में लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह ने स्थानीय चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान वीर शहीद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीरन तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी की 14 वर्ष की छात्राओं का किया अस्पताल स्टाफ द्वारा वैक्सीनेशन किया गया। इस मौके पर नगराधीश अनिल कुमार और सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य भी मौजूद रहे।
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य देश के आमजन की स्वास्थ्य की रक्षा करना है। हमारे देश की 14 वर्ष की सभी लड़कियों को एचपीवी वैक्सीनेशन देकर कैंसर से बचाव करना है।
उन्होंने कहा कि विश्व के बहुत से देशों में महिलाओं को कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीनेशन की जाती है। हमारे देश में प्रथम बार इस वैक्सीनेशन का आज शुभारंभ किया गया है। इस अभियान का लक्ष्य हर साल सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 14 साल की लगभग 1.15 करोड़ लड़कियों को टीका लगाना है। ये अभियान देश की नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम है। टीकाकरण सभी सरकारी हेल्थ सेंटर पर मुफ्त में दिया जाएगा।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉक्टर रघुवीर शांडिल्य, डॉक्टर मनीष श्योराण कार्यवाहक प्रधान चिकित्सा अधिकारी, डॉ. दीपक, डॉक्टर साहिल, डॉक्टर वनिता, डॉ. दीपांशु, हैल्थ इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद, सज्जन कुमार, सुनील कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित था।

